इंदौर: इंदौर के होलकर स्टेडियम में 18 जनवरी को हुए भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मैच के टिकटों की बिक्री का विवाद अब गहराता जा रहा है। प्रशंसकों की नाराजगी और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन सख्त हो गया है और मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन (MPCA) को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
क्या है पूरा मामला?
पूर्व पार्षद संजय कटारिया ने जनसुनवाई में शिकायत की थी कि टिकट बिक्री में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है।27,000 दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के ऑनलाइन टिकट वेबसाइट खुलते ही कुछ मिनटों में कैसे ‘सोल्ड आउट’ हो गए? प्रशंसक सुबह 5 बजे से वेबसाइट खोलकर बैठे थे, लेकिन अधिकांश को निराशा हाथ लगी।आरोप है कि ₹1,500 वाला टिकट ब्लैक में ₹5,000 से ₹8,000 तक में बिका। पुलिस ने इस दौरान दो आरोपियों को पकड़ा भी था।
प्रशासन ने मांगा 3 दिन में हिसाब: अपर कलेक्टर रोशन राय ने बताया कि जनसुनवाई में मिली शिकायत के आधार पर एमपीसीए से जवाब मांगा गया है। क्रिकेट संगठन को 3 दिन के भीतर यह स्पष्ट करना होगा कि टिकटों की बिक्री किस माध्यम से की गई और प्रक्रिया क्या थी।
MPCA की सफाई: प्रशासन के नोटिस पर एमपीसीए के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रोहित पंडित ने कहा:
“हमें पत्र मिला है और हम 3 दिन में स्पष्टीकरण देंगे। हमारी टिकट वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। सभी टिकट ऑनलाइन बेचे गए हैं, जिसका पूरा रिकॉर्ड हमारे पास मौजूद है।”
वेबसाइट्स पर 5 गुना दाम
जांच का एक बिंदु यह भी है कि जब आधिकारिक वेबसाइट पर टिकट खत्म हो चुके थे, तो कुछ अन्य वेबसाइट्स पर सामान्य से कई गुना महंगी कीमतों पर टिकट कैसे उपलब्ध थे? यह सवाल सीधे तौर पर आयोजकों की व्यवस्था पर उंगली उठाता है।


Users Today : 2
Total Users : 15828
Views Today : 2
Total views : 28212
Who's Online : 0
Server Time : July 29, 2026 3:25 am