धार/धरमपुरी। धार जिले की धरमपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालुसिंह ठाकुर से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले दंपति की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने महज 15 घंटे के भीतर आरोपी दीपिका ठाकुर और उसके पति कासिम खान (उर्फ कासिफ अली) के खिलाफ दूसरा मामला दर्ज किया है। इस बार शिकायत किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि खुद दीपिका के परिवार ने दर्ज कराई है।
‘उधार लेकर दिए थे 1 लाख’
आरोपी दीपिका की बहन ललिता और पिता जामसिंह ने पुलिस को बताया कि वे अपनी ही बेटी और दामाद के आतंक से परेशान हैं। ललिता के अनुसार, दीपिका ने 2019 में कासिफ अली (मुस्लिम युवक) से शादी की थी। शादी के बाद 2020 से ही दीपिका अपने मायके गवलियावाड़ी आकर माता-पिता और भाई-बहनों को डरा-धमकाकर पैसे वसूल रही थी। 20 जून 2025 को परिवार ने तंग आकर गांव के लोगों के सामने उधारी लेकर दीपिका को 1 लाख रुपये दिए थे।
जान से मारने की धमकी
ताजा घटना 31 दिसंबर 2025 की है। दीपिका फिर घर पहुंची और पति कासिफ के कहने पर 80 हजार रुपये की मांग की।जब परिवार ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी ने मारपीट की और पति कासिफ ने फोन पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी फरार, टीमें गठित
थाना प्रभारी संतोष यादव ने बताया कि अवैध वसूली और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से ही खान दंपति फरार है। पुलिस ने ग्राम गवलियावाड़ी में दबिश दी है और गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं।गौरतलब है कि यह वही दंपति है जिस पर भाजपा विधायक को ब्लैकमेल करने और 2 करोड़ रुपये मांगने का आरोप है। पुलिस अब दोनों मामलों में इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।


Users Today : 5
Total Users : 16991
Views Today : 20
Total views : 30835
Who's Online : 0
Server Time : September 5, 2026 2:48 pm