धार रोड की बेकरी पर बड़ी कार्रवाई, टोस्ट में मिला रहे थे आर्टिफिशियल स्वीटनर; फैक्ट्री सील
इंदौर — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हाल ही में इंदौर में फूड एंड ड्रग लैब के उद्घाटन अवसर पर दिए गए मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के अनुपालन में, जिला प्रशासन ने सोमवार (10 नवंबर 2025) को धार रोड स्थित दो बेकरियों पर बड़ी कार्रवाई की।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में ममता नगर स्थित गोल्ड स्टार बेकरी में टोस्ट निर्माण में प्रतिबंधित और बिना लेबल वाले आर्टिफिशियल स्वीटनर का उपयोग करते हुए पाया गया, जिसके बाद फैक्ट्री को तत्काल सील कर दिया गया।
गोल्ड स्टार बेकरी पर मुख्य कार्रवाई
जिला प्रशासन, खाद्य औषधि प्रशासन विभाग की टीम और तहसीलदार श्री योगेश मेश्राम की टीम ने ममता नगर, धार रोड स्थित गोल्ड स्टार बेकरी का औचक निरीक्षण किया।
- उत्पाद और गंदगी: परिसर में विभिन्न प्रकार के टोस्ट का निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी पाई गई और रॉ मटेरियल का भंडारण उचित नहीं था।
- आर्टिफिशियल स्वीटनर का उपयोग: परिसर में संदिग्ध आर्टिफिशियल स्वीटनर (संभावित सैकेरीन) संग्रहित पाया गया। मौके पर उपस्थित प्रोपराइटर मोहम्मद अयान मंसूरी ने स्वीकार किया कि इस स्वीटनर का उपयोग टोस्ट में किया जाता है।
- उल्लंघन: टोस्ट निर्माता द्वारा आर्टिफिशियल स्वीटनर का उपयोग किया जा रहा था, जिसका डिक्लेरेशन खाद्य पदार्थ के लेबल में उपलब्ध नहीं था। इस तरह का उपयोग खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 का स्पष्ट उल्लंघन है।
- जब्ती और सील:
- 7 नमूने (गोल्ड स्टार प्रीमियम टोस्ट, गोल्ड स्टार उज्जैनिया नंबर 1 टोस्ट, मैदा, मावा पाउडर, पाम आयल, आर्टिफिशियल स्वीटनर, कस्टर्ड पाउडर) जाँच हेतु लिए गए।
- गोल्ड स्टार प्रीमियम टोस्ट, गोल्ड स्टार उज्जैनिया नंबर 1 टोस्ट, मैदा, पाम आयल और कस्टर्ड पाउडर की कुल 587 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई।
- परिसर में खाद्य कारोबार को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया और फैक्ट्री आगामी आदेश तक सील कर दी गई।
रेहान फ़ूड प्रोडक्ट्स पर भी कार्रवाई
एक अन्य समानांतर कार्रवाई में, ग्राम बांक, धार रोड, इंदौर स्थित रेहान फ़ूड प्रोडक्ट्स का भी औचक निरीक्षण किया गया। इस प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर फारुक हुसैन पाए गए, जहाँ टोस्ट का निर्माण किया जा रहा था।
- जब्ती: परिसर से मैदा, तैयार टोस्ट एवं टोस्ट निर्माण में प्रयुक्त होने वाले प्रीमिक्स का नमूना जाँच हेतु लिया गया।
- मात्रा: 318 किलोग्राम प्रीमिक्स और 200 पैकेट टोस्ट जब्त किए गए।
कलेक्टर का सख्त रुख
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि लिए गए सभी नमूनों को विस्तृत जाँच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावटखोरों के विरुद्ध अधिनियम के तहत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।


Users Today : 30
Total Users : 13460
Views Today : 34
Total views : 23769
Who's Online : 0
Server Time : June 6, 2026 2:17 pm