निजी स्कूलों के बाहर मंडराने वाला युवक गिरफ्तार, बैग से मिली मंत्रों की किताब
अशोकनगर: जिले में छेड़छाड़ और अंधविश्वास का एक अजीबोगरीब और चिंताजनक मामला सामने आया है। निजी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को इत्र और तंत्र-मंत्र के जरिए आकर्षित करने और डराने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सावन गांव निवासी विशाल रघुवंशी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर रहता है। वह पिछले कुछ दिनों से लगातार निजी स्कूलों के आसपास घूमता था और नाबालिग छात्राओं का पीछा करता था। आरोपी छात्राओं को प्रभावित करने के लिए इत्र और मंत्रों का प्रयोग करता था। उसकी हरकतों से छात्राएं काफी डरी और असहज थीं। जब छात्राओं ने अपने परिजनों को यह बात बताई, तो परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
विदिशा रोड से गिरफ्तारी और बरामदगी: शिकायत मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को विदिशा रोड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी ने वहां मौजूद लोगों और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने की कोशिश की, लेकिन उसे काबू कर लिया गया। तलाशी में मिली एक इत्र की शीशी, मंत्रों से जुड़ी एक किताब। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन चीजों के जरिए लड़कियों को प्रभावित करने की कोशिश करता था। उसके परिजनों और दोस्तों ने भी बताया कि वह अक्सर मंत्र पढ़ता रहता था।
कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह ने कहा:
“छात्राओं और नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। परिजनों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।”


Users Today : 5
Total Users : 16991
Views Today : 22
Total views : 30837
Who's Online : 0
Server Time : September 5, 2026 5:16 pm