नन्दलालपुरा क्षेत्र की घटना, प्रभावितों का एमवाय अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद, पुलिस द्वारा की जा रही है मामले की जाँच
इंदौर। पंढरीनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्दलालपुरा क्षेत्र में बुधवार की शाम को लगभग 24 किन्नरों द्वारा कोई जहरीला पदार्थ पीने की घटना हुई है। एडिशनल डीसीपी श्री राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फिनायल पीने की बात सामने आई है। उन्होंने किस तरह का पदार्थ पिया है, इसकी पुष्टि जांच के बाद स्पष्ट होगी। सभी 24 प्रभावितों का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। संयोगितागंज एसीपी मौके पर मौजूद है। सीएमएचओ को निर्देश दिए गए हैं कि सभी प्रभावितों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराया जाए। बताया गया कि मरीजों की स्थिति स्थिर है और निरंतर पुलिस प्रशासन की निगरानी में इलाज जारी है। जहरीला पदार्थ किस कारण से पीया है इस संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन हुआ अलर्ट

पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में हुई इस दुखद घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा पल-पल की जानकारी ली जा रही है। एमवाय अस्पताल में सभी प्रभावितों का उपचार सुनिश्चित किया जा चुका है। मौके पर एसडीएम श्री प्रदीप सोनी और तहसीलदार मौजूद है। सीएमएचओ डॉ. हासानी और अस्पताल के डॉक्टर्स उपचार में संलग्न है। 
डीसीपी श्री आनंद कलादगि ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित कुल 24 किन्नरों को एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल लाया गया। सभी का इलाज जारी है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रभावितों की तबियत ठीक होने के पश्चात उनका स्टेटमेंट लिया जायेगा और किस कारण से कौन सा पेय पदार्थ पिया गया है ? इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की जायेगी। अभी घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Users Today : 34
Total Users : 18356
Views Today : 49
Total views : 33639
Who's Online : 0
Server Time : October 21, 2026 7:40 am