इंदौर। इंदौर के मध्य क्षेत्र में ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण से कराह रही सड़कों को सांस देने के लिए पुलिस और नगर निगम ने कमर कस ली है। शहर के सबसे व्यस्त बाजार राजबाड़ा, जेल रोड, नॉवल्टी और सराफा में संयुक्त रूप से “क्लीन स्वीप” अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई को जानबूझकर शाम के समय अंजाम दिया गया, जब बाजारों में भीड़ चरम पर होती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पीक आवर्स में ट्रैफिक सुचारू रूप से चल सके।
सड़क पर उतर कर की कार्रवाई:
ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय थाना बल और नगर निगम की टीम ने फुटपाथ और सड़क पर रखे गए होर्डिंग, स्टैंडी और अवैध ठेलों को जब्त कर लिया गया। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों और बीच सड़क पर आवाजाही बाधित करने वाली गाड़ियों को क्रेन से उठाकर ट्रैफिक थाने भेजा गया। बिना हेलमेट और लाइसेंस वालों के चालान भी काटे गए। डीसीपी (ट्रैफिक) राजेश कुमार त्रिपाठी ने खुद टीम और व्यापारियों के साथ राजबाड़ा, सराफा, कपड़ा मार्केट और खजूरी बाजार में पैदल मार्च कर स्थिति का जायजा लिया।
‘सफेद पट्टी’ का नियम: डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने दुकानदारों के लिए एक नई व्यवस्था और चेतावनी जारी की है। दुकानों के बाहर बनी सफेद पट्टी के भीतर केवल ग्राहक (Customers) अपनी गाड़ी थोड़े समय के लिए खड़ी कर सकते हैं। यदि किसी दुकानदार की गाड़ी वहां लंबे समय तक खड़ी मिली, तो उसे अवैध पार्किंग माना जाएगा और कार्रवाई होगी। दुकानदारों को अपनी गाड़ियां निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही खड़ी करनी होंगी। आम नागरिक और व्यापारी अवैध पार्किंग की शिकायत ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 7049107620 पर फोटो के साथ कर सकते हैं।
व्यापारियों ने किया स्वागत, लेकिन रखी शर्त: व्यापारी हिम्मत सिंह जादौन ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा, “इससे ग्राहकों की आवाजाही आसान होगी और विवाद कम होंगे। हम इसका स्वागत करते हैं।” हालांकि, कुछ व्यापारियों ने मांग की है कि प्रशासन को आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग के पुख्ता और स्थायी इंतजाम भी करने चाहिए।
ट्रैफिक टीआई अरविंद सिंह ने कहा, “हम कई दिनों से समझाइश दे रहे थे, लेकिन लोग नियम नहीं मान रहे थे। इसलिए अब सख्ती जरूरी हो गई है। बाजारों को जाम-मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।”


Users Today : 9
Total Users : 15591
Views Today : 14
Total views : 27719
Who's Online : 1
Server Time : July 22, 2026 8:44 am