इंदौर। कलेक्टर शिवम शर्मा के कड़े रुख के बाद इंदौर जिला प्रशासन ने भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। प्रशासन की टीम ने खजराना क्षेत्र में बेशकीमती सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹52.50 करोड़ आंकी गई है।
खजराना में बड़ी कार्रवाई
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम खजराना स्थित सर्वे क्रमांक 296 (रकबा 0.769 हेक्टेयर) पूरी तरह शासकीय भूमि है। इस भूमि के 35,000 वर्गफीट हिस्से पर अवैध रूप से कब्जा जमाया गया था, इमरान पटेल द्वारा इस भूमि पर भैंसों का बड़ा तबेला संचालित किया जा रहा था। शाकिर शाह नामक व्यक्ति ने यहाँ गैरेज का अवैध निर्माण कर रखा था। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुँचकर जेसीबी की मदद से तबेले और गैरेज को ध्वस्त कर दिया और पूरी जमीन को शासन के कब्जे में ले लिया।
संस्कृति पाम-1 के रहवासियों ने भी उठाई आवाज
खजराना की कार्रवाई के बीच, शहर के अन्य हिस्सों से भी अतिक्रमण की शिकायतें सामने आ रही हैं। न्यू आरटीओ रोड, पालदा स्थित संस्कृति पाम-1 कॉलोनी के रहवासियों ने भी प्रशासन से गुहार लगाई है। कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार के पास सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से गायों का तबेला बना लिया गया है। रहवासी संघ के अनुसार, तबेले के कारण मार्ग बाधित हो रहा है। साथ ही गंदगी, दुर्गंध और मवेशियों के जमावड़े से स्वच्छता और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। हवासियों ने कलेक्टर से इस अतिक्रमण को भी तत्काल हटाकर क्षेत्र में सुरक्षा और साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।


Users Today : 5
Total Users : 16991
Views Today : 19
Total views : 30834
Who's Online : 0
Server Time : September 5, 2026 1:34 pm