अवैध शराब का ज़हर, प्रशासन की चुप्पी और जनता का उबाल: ग्राम रेहतफल में शराब सहित बाइक जली
झिरन्या ( खरगोन )। क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद पुलिस प्रशासन, आबकारी विभाग की शराब ठेकेदार पर चुप्पी अब संदेह के घेरे में है। कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता और ज़मीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं।


ताज़ा मामला ग्राम रेहतफल का है, ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार जहां एक बाइक सवार खुलेआम शराब का अवैध परिवहन करता पकड़ा गया। ग्रामीणों ने जब बाइक से शराब की पेटियां ले जाते हुए उसे देखा, तो आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए ग्रामीणों ने शराब की पेटियों में आग लगा दी, जो देखते ही देखते बाइक तक फैल गई और शराब सहित बाइक जलकर खाक हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
इस पूरे मामले में जयस संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष मगन जादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि “बाइक से ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा दुकान-दुकान पर शराब का अवैध परिवहन किया जा रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने इसका वीडियो भी बनाया है। लंबे समय से चल रही शिकायतों और प्रशासन की अनदेखी से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने शराब में आग लगा दी, जिसके बाद बाइक भी जल गई। मगन जादव ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध शराब परिवहन को लेकर आए दिन शिकायतें की जा रही हैं, बावजूद इसके प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। “हमारे द्वारा जनसुनवाई में भी आवेदन दिया गया है, लेकिन आज तक शराब ठेकेदार के विरुद्ध कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया,
इधर, वाहन चालक ने पुलिस की शरण लेते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है। लेकिन जब इस पूरे घटनाक्रम पर थाना प्रभारी गहलोत, सेमलिया से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कोई जवाब देना मुनासिब नहीं समझा। गौरतलब है कि क्षेत्र में शराब को लेकर विवाद नया नहीं है। पूर्व में शराब दुकानों पर तोड़फोड़ कर लाखों रुपये की शराब नष्ट की जा चुकी है और दो दुकानों में जमकर तोड़फोड़ हो चुकी है। सबसे गंभीर चिंता यह है कि शराब दुकान के पास ही पेट्रोल पंप स्थित है। ऐसे में बार-बार हो रही झड़पें, आगजनी और हमलों को देखते हुए किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
महंगी पड़ सकती है पुलिस प्रशासन की खामोशी
क्या शराब ठेकेदार, पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहे हैं ?
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों की मांग है कि तत्काल शराब दुकान का स्थान परिवर्तन किया जाए और अवैध शराब परिवहन पर सख्त व दिखाई देने वाली कार्रवाई हो, वरना यह चुप्पी कभी भी बड़े विस्फोट का कारण बन सकती है।
इसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि फरियादी द्वारा घटना की एफ आई आर दर्ज करवाई गई है। जांच चल रही है


Users Today : 8
Total Users : 15590
Views Today : 11
Total views : 27716
Who's Online : 1
Server Time : July 22, 2026 7:29 am