जीतू पटवारी ने स्वास्थ्य मंत्री को घेरा – ‘ड्रग कंट्रोलर को क्लीन चिट क्यों? मतलब भ्रष्टाचार हुआ’
भोपाल। छिंदवाड़ा में दूषित कफ सिरप (Cough Syrup) पीने से मासूम बच्चों की मौत के गंभीर मामले को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर जहां इस मामले में डॉक्टर की गिरफ्तारी का विरोध हो रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सीधे स्वास्थ्य मंत्री को निशाने पर लिया है।
“मुख्य दोषी ड्रग कंट्रोलर को क्लीन चिट क्यों?”
कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस पूरे प्रकरण में हुई कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सीधे भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “दवा निर्माता कंपनी श्रीसन फार्मा के मालिक एस. रंगनाथन को गिरफ्तार किया गया, यह सही है। लेकिन मेरा सवाल है कि इस पूरे गोरखधंधे का मुख्य दोषी ड्रग कंट्रोलर कौन है? उसे क्लीन चिट क्यों दी गई? इसका सीधा मतलब है कि यह सब भ्रष्टाचार के दम पर हुआ है।”
पटवारी ने कोल्ड्रिफ कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले में लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य मंत्री से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री से भी इस मामले से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की है।
कंपनी मालिक के लिए मौत की सजा की मांग
जीतू पटवारी ने इस पूरे घटनाक्रम को जघन्य अपराध बताते हुए दवा निर्माता कंपनी श्रीसन फार्मा के मालिक एस. रंगनाथन के लिए मौत की सजा की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के लालच के कारण मासूम बच्चों की जान गई है, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए और सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी गलती करने की हिम्मत न कर सके।
इस मामले में अब तक कई लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन कांग्रेस का कहना है कि निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई करके बड़े मगरमच्छों को बचाया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष के इन आरोपों के बाद अब राज्य सरकार पर ड्रग कंट्रोलर और अन्य उच्चाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है।



Users Today : 21
Total Users : 13804
Views Today : 44
Total views : 24341
Who's Online : 0
Server Time : June 13, 2026 5:00 pm