दंतेवाड़ा: बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के पावन दरबार में शारदीय नवरात्र को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मां दंतेश्वरी मंदिर में हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में इस बार प्राकृतिक आपदा के कारण दर्शनों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं. जिला प्रशासन, मंदिर प्रबंधन समिति, जनपद प्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग और सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक मेंं श्रद्धालुओं के रहने, ठहरने, भोजन-पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था पर खास ध्यान रखा जाएगा.
बस्तर में सज गया मां दंतेश्वरी का दरबार: मां दंतेश्वरी के दरबार में हर साल लाखों भक्त देश और विदेश से दर्शनों के लिए पहुंचते हैं. इस साल भी नवरात्र पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर घुटनों के बल पैदल चलकर मां के दरबार में पहुंचेंगे. कुछ भक्त मनोकामना पूरी होने पर ऐसा करते हैं तो कुछ भक्त मन्नत लेकर घुटनों के बल चलकर आते हैं. ऐसे भक्तों के लिए दंतेवाड़ा से जगदलपुर मार्ग तक जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर और विश्राम पंडाल लगाए गए हैं. यातायात विभाग, पुलिस बल, स्काउट एंड गाइड और एनसीसी की टीमें दिन-रात सेवाएं देंगी, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके.
मंदिर के पुजारी की अपील: मंदिर के पुजारी विजेंद्रनाथ जिया ने बताया कि हाल की प्राकृतिक आपदा के कारण कई रास्ते क्षतिग्रस्त हुए हैं. विशेषकर बायपास मार्ग की पुलिया बह जाने से यातायात पर असर पड़ा है. इस स्थिति को देखते हुए बस, ट्रक और चारपहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किए गए हैं. पुजारी विजेंद्रनाथ जिया ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा तय किए गए नियमों का पालन करें और सुरक्षित रूप से मंदिर पहुंचें.
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगाए गए बैरिकेड्स: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन ने कहा कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण और यातायात सुचारू रूप से चल सके. इस बार सुरक्षा में DRG, महिला कमांडो, दंतेश्वरी बल, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड को लगाया गया है. जिले के कई छोटे-बड़े नाले और पुल-पुलिया बह जाने के बाद भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम और व्यवस्थाएं की गई हैं.
बस्तर की आराध्य देवी हैं मां दंतेश्वरी: बस्तर के लोग मां दंतेश्वरी को बस्तर की आराध्य देवी मानते हैं. नवरात्र पर यहां भक्तों का मेला लगता है. मान्यता है कि मां दंतेश्वरी सभी की मनोकामना पूरी करती हैं. मनोकामना लेकर और मनोकामना पूरी होने पर भक्त यहां घुटनों के बल चलकर आते हैं.


Users Today : 15
Total Users : 15597
Views Today : 27
Total views : 27732
Who's Online : 0
Server Time : July 22, 2026 11:51 am