मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार शाम मुख्यमंत्री निवास पर पारंपरिक हर्षोल्लास और वैदिक विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सीमा यादव के साथ सपत्नीक होलिका की पूजा-अर्चना की। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस होलिका दहन में विशेष रूप से ‘गौ-काष्ठ’ (गाय के गोबर से बनी लकड़ियाँ) का उपयोग किया गया। पूजन के दौरान मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी के निदेशक अशोक कड़ेल सहित मुख्यमंत्री के अन्य परिजन भी उपस्थित रहे।
होलिका दहन के पश्चात मुख्यमंत्री ने निवास कार्यालय में तैनात सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं और प्रसादी के रूप में पारंपरिक मिठाई ‘गुझिया’ का वितरण किया। मुख्यमंत्री के साथ इस आत्मीय मिलन से कर्मचारी वर्ग में उत्साह का माहौल देखा गया।
प्रदेशवासियों को रंगोत्सव की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि होली का त्यौहार हमें आपसी भेदभाव और मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक प्रेम और सौहार्द्र के साथ होली से लेकर रंगपंचमी तक के इस उत्सव को मनाएं। मुख्यमंत्री ने मंगलकामना करते हुए कहा कि रंगों का यह पर्व हर प्रदेशवासी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।


Users Today : 47
Total Users : 18369
Views Today : 66
Total views : 33656
Who's Online : 0
Server Time : October 21, 2026 10:19 am