उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ाते हुए एक बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट (छावनी) अस्पतालों में अब आयुष्मान कार्ड धारकों को निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) जल्द ही प्रदेश के शेष 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ औपचारिक समझौता ज्ञापन (MoU) साझा करेगी। वर्तमान में प्रदेश के कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पतालों में से केवल प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में यह सुविधा संचालित है, जिसे अब राज्यव्यापी विस्तार दिया जा रहा है।
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने जानकारी दी कि प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में जनवरी 2026 से ही आयुष्मान कार्ड धारकों का सफल उपचार किया जा रहा है। वहां मरीजों को कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर और जटिल बीमारियों के लिए विशेषज्ञ सेवाएं मिल रही हैं। इसके अतिरिक्त, मरीजों को मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट, पैथोलॉजी जांच और गंभीर स्थिति में निशुल्क परिवहन (पिक एंड ड्रॉप) की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। इसी मॉडल को अब लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना के कैंटोनमेंट अस्पतालों में लागू किया जाएगा।
योजना के क्रियान्वयन को लेकर साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने बताया कि कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ इस समन्वय से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को उच्च स्तरीय चिकित्सा और विशेषज्ञ सेवाएं सुलभ होंगी। एमओयू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी अस्पतालों को आयुष्मान योजना के आधिकारिक पोर्टल से जोड़ दिया जाएगा। पोर्टल से जुड़ने के बाद उपचार की ट्रैकिंग, बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित की जा सकेगी।
यह पहल विशेष रूप से उन क्षेत्रों के निवासियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी जहाँ सैन्य छावनी बोर्ड के अस्पताल प्राथमिक चिकित्सा केंद्र के रूप में कार्य करते हैं। गंभीर रोगों से ग्रसित मरीजों के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा सुनिश्चित होने से अस्पताल तक पहुंचना अब और भी सुगम होगा। प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे में मजबूती आएगी और जरूरतमंदों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा।


Users Today : 14
Total Users : 13797
Views Today : 25
Total views : 24322
Who's Online : 0
Server Time : June 13, 2026 2:12 pm