इंदौर। इंदौर में मामूली विवादों में जान लेने की कोशिश करने की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। ताजा मामला छोटा बांगड़दा क्षेत्र का है, जहाँ मंगलवार दोपहर एक मेट्रो कंपनी के इंजीनियर को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। आरोप है कि एक पोकलेन (Excavator) चालक ने विवाद के बाद इंजीनियर को मशीन के भारी-भरकम पंजे (Bucket) से कुचलने की कोशिश की।
विवाद की वजह: स्कूली वैन को टक्कर मारने से बचाया
मेट्रो कंपनी के इंजीनियर आशुतोष जब वहां से गुजर रहे थे, तो उन्होंने देखा कि तालाब खुदाई में लगा पोकलेन चालक बेहद लापरवाही से मशीन चला रहा है। पोकलेन का पंजा वहां से गुजर रही एक स्कूली वैन से टकराते-टकराते बचा। इंजीनियर ने गाड़ी रोककर चालक को डांटा और कहा, “ठीक से काम करो, अभी बच्चों को चोट लग जाती।”
अपनी गलती मानने के बजाय चालक आगबबूला हो गया। उसने इंजीनियर से कहा, “तुम अपने काम से काम रखो।” जब बहस बढ़ी, तो चालक ने धमकी दी कि “तुझे पोकलेन से दबा दूंगा, कोई बचाने नहीं आएगा।” इसके तुरंत बाद उसने मशीन का पंजा इंजीनियर की तरफ घुमाया। टक्कर लगने से इंजीनियर गिर पड़े। चालक ने उन्हें पंजे से दबाने की कोशिश की, लेकिन वे फुर्ती से उठे और वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
आशुतोष ने तुरंत पुलिस को फोन लगाकर हमले की सूचना दी। उन्होंने बताया कि वे काफी देर तक घटनास्थल पर पुलिस का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई पुलिसकर्मी नहीं आया। आखिरकार वे वहां से चले गए। इंजीनियर का कहना है कि ऐसे गुस्सैल और सनकी चालकों के खिलाफ सख्त एक्शन होना चाहिए, जो दूसरों की जान के लिए खतरा बन गए हैं।


Users Today : 5
Total Users : 16991
Views Today : 19
Total views : 30834
Who's Online : 0
Server Time : September 5, 2026 1:36 pm