भारतीय अंडर 19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 51 रनों से हरा दिया. इस मैच में भी वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ 70 रनों की पारी खेलते हुए 6 छक्के लगाए. इसमें से एक छक्का उन्होंने इतना कमाल लगाया कि गेंद जमीन पर लौटी ही नहीं. वो आसमान से नीचे तो आई लेकिन जमीन पर गिरी नहीं. आइए आपको बताते हैं कि आखिर मामला क्या है? दरअसल वैभव सूर्यवंशी ने जो पहला छक्का लगाया था वो स्क्वायर लेग एरिया में गया, जहां एक पेड़ लगा हुआ था. गेंद उस पेड़ पर गई और वहीं अटक गई.
सूर्यवंशी का आसमानी छक्का
वैभव सूर्यवंशी को ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों ने शॉर्ट पिच गेंदों से टेस्ट करने की कोशिश की लेकिन शायद वो नहीं जानते थे कि ये खिलाड़ी गजब के कट और पुल लगाता है. सूर्यवंशी को जैसे ही छाती की ऊंचाई पर बॉल मिली, उसे उन्होंने पूरी ताकत से पुल कर दिया और गेंद इयान हीली ओवल मैदान के पेड़ पर जाकर अटक गई. इसके बाद एक बच्चा उस पेड़ पर चढ़ता नजर आया. उस बच्चे को गेंद मिली या नहीं इसके बारे में पता नहीं चल सका है.
सूर्यवंशी ने तोड़ा रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में एक बार फिर अपना जलवा दिखाते हुए ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाया. ये उनके लिस्ट ए करियर का पहला अर्धशतक भी है. वैभव सूर्यवंशी इसके साथ ही यूथ वनडे कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय भी बन गए है. उन्होंने 38 छक्के लगाने वाले उनमुक्त चंद का रिकॉर्ड तोड़ा. वैभव के अब 41 छक्के हो गए हैं.
इंडिया अंडर-19 टीम ने जीती सीरीज
इंडिया अंडर-19 टीम ने दूसरा यूथ वनडे भी आसानी से जीत लिया. इस जीत के साथ ही सीरीज भी उसके नाम हो गई. अब तीसरा मुकाबला 26 सितंबर को खेला जाएगा. वैभव सूर्यवंशी से इस मैच में भी ताबड़तोड़ बैटिंग की उम्मीद रहेगी. वैसे सूर्यवंशी से अच्छी बल्लेबाजी इस सीरीज में अभिज्ञान कुंडू ने की है जिन्होंने दोनों मैचों में अर्धशतक लगाया है. पिछले मैच में उन्होंने नाबाद 87 रन बनाए थे वहीं दूसरे मैच में उनके बल्ले से 71 रन निकले.


Users Today : 24
Total Users : 18346
Views Today : 33
Total views : 33623
Who's Online : 0
Server Time : October 21, 2026 5:55 am