भोपाल : मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में धार आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। पीएम के ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान को मध्यप्रदेश सरकार ‘आदि सेवा पर्व’ के नाम से आगे बढ़ाएगी।
बैठक में 23 हजार करोड़ रुपये लागत के दो थर्मल पॉवर प्लांट को मंजूरी मिली है। ये प्लांट सारणी और अमरकंटक में स्थापित होंगे। दोनों की क्षमता 660-660 मेगावाट होगी। सारणी पॉवर प्लांट की लागत 11,678 करोड़ और अमरकंटक प्लांट की लागत 11,476 करोड़ होगी।
कैबिनेट ने स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ा फैसला लेते हुए सीनियर रेसिडेंट डॉक्टर के 354 नए पदों को मंजूरी दी है। ये पद भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर सहित प्रदेश के 13 अस्पतालों के लिए स्वीकृत हुए हैं। गौरतलब है कि एमपी में मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी के लिए एक साल का रेसिडेंट डॉक्टर का अनुभव अनिवार्य है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के सभी धार्मिक और पर्यटन स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ने की योजना को भी कैबिनेट ने हरी झंडी दी। इसके तहत तीन सेक्टरों में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी।


Users Today : 44
Total Users : 18366
Views Today : 62
Total views : 33652
Who's Online : 0
Server Time : October 21, 2026 9:54 am