एशिया कप के मुकाबलों में मैजिक कैसा होगा, अभिषेक शर्मा ने उसका ट्रेलर प्रैक्टिस में दिखा दिया है. उन्होंने सबके छक्के छुड़ा दिए हैं. भारत के किसी भी बल्लेबाज के मुकाबले नेट्स पर उन्होंने ना तो सबसे लंबे बल्कि सबसे ज्यादा छक्के भी जड़े. सामने चाहे गेंदबाज कोई भी हो, छक्के लगाने की उनकी कंसिस्टेंसी में कमी नहीं दिखी. जितने आराम से अभिषेक शर्मा गेंदों को बाउंड्री पार करा रहे थे, वो भारतीय फैंस की आंखों को सुकून देने वाला और दिल को ये दिलासा कि एशिया कप के खिताब पर कोई खतरा नहीं है. टीम इंडिया की प्रैक्टिस के अभिषेक शर्मा तो चार्म रहे ही. उसके अलावा एशिया कप की प्लेइंग इलेवन को लेकर भी बड़े संकेत मिलते दिखे.
पहली बार ऐसा टूर्नामेंट खेलेंगे अभिषेक
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का T20 एशिया कप पहला मल्टीनेशन टूर्नामेंट होगा. मगर इस बात का उनपर कोई दबाव नहीं दिखा. वो नेट्स पर अपने चिर-परिचित अंदाज में छक्के लगाते दिखे. अभिषेक के इस तूफानी अंदाज से ये बात और साफ हो गई कि भारत की ओपनिंग का जिम्मा सुरक्षित हाथों में है.
ओपनिंग से मिडिल ऑर्डर का नेट्स पर दिखा रंग
एशिया कप में ओपनिंग में अभिषेक शर्मा के जोड़ीदार शुभमन गिल हो सकते हैं. क्योंकि, वो भी नेट्स पर अपनी बल्लेबाजी के दौरान गेंदों को हवा में लहराते हुए मारने की प्रैक्टिस करते दिखे. रिपोर्ट के अनुसार, अभिषेक और गिल की प्रैक्टिस के बाद तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह ने बारी-बारी प्रैक्टिस की. इन सबका जोर भी पावर हिटिंग पर रहा. बल्लेबाजी के बाद रिंकू सिंह ने फील्डिंग कोच टी. दिलीप के साथ ड्रिल भी किया.
जितेश शर्मा होंगे पहले विकेटकीपर, सैमसन को करना पड़ेगा इंतजार!
प्रैक्टिस सेशन के दौरान जितेश शर्मा को टीम के पहले विकेटकीपर के तौर पर तैयार होते दिखे. इस बीच संजू सैमसन बैटिंग कोच सितांशु कोटक के साथ नॉकिंग करते दिखे. उसके बाद उन्होंने मुख्य नेट्स का रुख जरूर किया. पर वो ओपनिंग या विकेटकीपिंग में टीम इंडिया की फर्स्ट चॉइश होंगे. उसे लेकर कुछ भी क्लियर होता नहीं दिखा.
ये हो सकते हैं ऑलराउंडर और गेंदबाज
ऑलराउंडर्स हार्दिक पंड्या ने भी नेट्स पर जमकर पसीना बहाया. उन्होंने पहले गेंदबाजी की. फिर अपनी बल्लेबाजी पर फोकस किया. गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने लंबे स्पेल नेट्स पर डाले. अर्शदीप सिंह ने शॉर्ट पिच गेंदों का अच्छा मिक्स किया. स्पिनर कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने भी लंबे स्पेल डाले.
एशिया कप में टीम इंडिया की प्लेइंग 11?
अब प्रैक्टिस सेशन से जो संकेत मिले हैं, अगर सबकुछ वैसा ही रहने वाला है तो समझ लीजिए कि एशिया कप के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन तैयार है. और, वो कुछ इस प्रकार होगी.
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती


Users Today : 59
Total Users : 18381
Views Today : 88
Total views : 33678
Who's Online : 0
Server Time : October 21, 2026 1:49 pm