हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार और साहित्य संवर्धन के लिए समर्पित संस्था ‘मातृभाषा उन्नयन संस्थान’ द्वारा रविवार को इंदौर प्रेस क्लब में ‘काव्य गौरव अलंकरण समारोह 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में उज्जैन की प्रसिद्ध कवयित्री और वरिष्ठ पत्रकार सुश्री निशा पंडित जोशी को वर्ष 2026 के ‘काव्य गौरव अलंकरण’ से विभूषित किया गया। निशा पंडित जोशी साहित्य सृजन के साथ-साथ उज्जैन से ‘दैनिक संयुक्त लहर’ समाचार पत्र का संपादन भी करती हैं और सामाजिक संस्था ‘मीनाक्षी सेवा समिति’, इंदौर में सचिव के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल विष्णु सदाशिव कोकजे रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में मातृभाषा हिन्दी के गौरव को अक्षुण्ण रखने और साहित्यिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अर्पण जैन ’अविचल’ के स्वागत उद्बोधन से हुआ। अतिथियों का स्वागत नितेश गुप्ता, डॉ. नीना जोशी, पारस बिरला, राजेश यादव और विलास राणे सहित अन्य सदस्यों ने किया। सुश्री निशा पंडित जोशी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित अभिनंदन पत्र का वाचन आशीष पंवार और चेतन जोशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अखिलेश राव ने किया।
इस प्रतिष्ठित साहित्यिक समागम में शहर की कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें अरविंद तिवारी, पुरुषोत्तम दुबे, योगेन्द्रनाथ शुक्ल, डॉ. पद्मा सिंह, जयंत भिसे और मीनाक्षी सेवा समिति के अध्यक्ष बलराम सोनी प्रमुख थे। साथ ही हरेराम वाजपेयी, जय सिंह रघुवंशी, संध्या रॉय चौधरी और डॉ. सुनीता फड़नीस सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं समाजसेवियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संस्थान की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य हिन्दी भाषा के समवेत स्वर को मजबूती प्रदान करना और साहित्यकारों के मनोबल को बढ़ाना है।


Users Today : 6
Total Users : 13436
Views Today : 6
Total views : 23741
Who's Online : 0
Server Time : June 6, 2026 2:23 am