मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक और भावुक अध्याय जुड़ने जा रहा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के महज तीन दिन बाद, उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को एनसीपी (NCP) विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। वे आज शाम 5 बजे राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी, जिसके साथ ही वे महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन जाएंगी।
विधान भवन में भावुक बैठक: दक्षिण मुंबई स्थित विधान भवन में हुई बैठक का माहौल बेहद गमगीन था।बैठक उसी ऑफिस में हुई जहां कभी अजित पवार बैठा करते थे। वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन छगन भुजबल ने किया। बैठक की शुरुआत में सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके छोटे बेटे जय पवार भी साथ थे। कई मंत्री और विधायक अपने आंसू नहीं रोक पाए।
शरद पवार का बड़ा खुलासा: ‘विलय का प्लान था तैयार’ इस बीच, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने बारामती में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सबको चौंका दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें शपथ ग्रहण की कोई जानकारी नहीं है और न ही उनसे कोई सलाह ली गई। पवार ने दावा किया कि अजित पवार दोनों गुटों के विलय के पक्ष में थे। 12 फरवरी को पार्टी के एक होने का आधिकारिक ऐलान होना था, लेकिन विमान हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
शपथ ग्रहण: राज्यपाल आचार्य देवव्रत शाम 4 बजे मुंबई पहुंचेंगे और 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कैबिनेट के अन्य मंत्री। शरद पवार और सुप्रिया सुले के समारोह में शामिल होने की संभावना कम है।
‘हाउसवाइफ’ से ‘डिप्टी सीएम’ तक का सफर- सुनेत्रा पवार राजनीति में लंबे समय तक लो-प्रोफाइल रहीं, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में वे चर्चा में आईं जब उन्होंने बारामती से अपनी ननद सुप्रिया सुले के खिलाफ चुनाव लड़ा (हालांकि उन्हें हार मिली थी)। बाद में उन्हें राज्यसभा भेजा गया। अब पार्टी ने अजित पवार की विरासत को संभालने और समर्थकों को एकजुट रखने के लिए उन पर भरोसा जताया है।


Users Today : 5
Total Users : 15587
Views Today : 5
Total views : 27710
Who's Online : 0
Server Time : July 22, 2026 5:18 am