सनावद (दिलीप बिरला)। बेड़ियां में सराफा व्यापारी से नकली सोना देकर करीब 20 लाख रुपए की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 लाख रुपए नकद और करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं।
पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी रवींद्र वर्मा ने ठगी के मामले में जानकारी देते हुए कहा कि बेड़िया के सराफा व्यापारी दीपक मुछाला के साथ बदमाशों ने वारदात की थी। 27 नवंबर को दो युवक उनकी दुकान पर गए थे। दोनों पहले भी 3-4 बार खरीदी-बिक्री कर चुके थे, जिससे व्यापारी को उन पर भरोसा हो गया। आरोपियों ने खुद को हरियाणा का निवासी बताते हुए लड़की की शादी के नाम पर सोने-चांदी के आभूषण व नकद की मांग की। इसके बदले आरोपियों ने 23 सोने की पुतलियां (कुल वजन 230 ग्राम) दी, जिनके बदले व्यापारी ने 20 लाख रुपए के आभूषण व नकद दे दिए।
जांच करने पर पुतलियां नकली निकली। तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र पिता राजवीर निवासी जौनाई थाना जेत जिला मथुरा (उप्र) व बिजेंद्र पिता राजकुमार निवासी सोहना जिला गुरुग्राम (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 17 लाख रुपए नकद और करीब 3 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
मजबूरी का बहाना कर करते ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग जगह नाम बदलकर रहते थे। पहले सराफा दुकानों पर छोटी-मोटी खरीद-बिक्री कर भरोसा जीतते थे। भरोसा बनते ही किसी मजबूरी का बहाना बनाकर नकली सोने को असली बताकर बड़ी रकम की ठगी कर फरार हो जाते थे। आरोपियों से पुलिस को अन्य वारदातों में भी सुराग मिलने की संभावना है।
100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगोन पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने बेड़िया और आसपास के इलाकों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि आरोपी पीथमपुर में किराए से रहते थे।
व्यापारी एसोसिएशन ने किया सम्मान
मामले के खुलासे पर बेड़िया सराफा व्यापारी एसोसिएशन ने पुलिस टीम का सम्मान किया और पुलिस फंड में 10 हजार रुपए की राशि प्रदान की।


Users Today : 13
Total Users : 15648
Views Today : 17
Total views : 27829
Who's Online : 0
Server Time : July 23, 2026 10:24 am