“ये मर्दों की दुनिया का बिजनेस है, तुम्हारे जैसी अच्छे घरों की लड़कियों के लिए बियर का स्टार्टअप ठीक नहीं, कुछ और क्यों नहीं करते!” एमेज़ॉ़न प्राइम वीडियो की सबसे ताजा वेब सीरीज Do You Wanna Partner में दो सहेलियों को हरेक मोर्चे पर यही सुनना पड़ता है. ये दो सहेलियां हैं- शिखा रॉय चौधरी (तमन्ना भाटिया) और अनाहिता मकुजिना (डायना पेंटी). शिखा को अपने पिता का सपना साकार करना है. उनके साथ हुए धोखे का बदला लेना है और अनाहिता अपनी दोस्त के इस मिशन में साथ है. दोनों लड़कियां सिंगल हैं, खूबसूरत हैं, मॉडर्न हैं और एनसीआर के सबसे पॉश एरिया गुरुग्राम में क्राफ्ट बियर के स्टार्टअप के लिए संघर्ष कर रही हैं. दोनों को सक्सेसफुल बिज़नेसवुमेन बनने का सपना है लेकिन सीड मनी यानी कंपनी शुरू करने की जरूरत भर के पैसे भी नहीं है. अब बिना पैसे स्टार्टअप का सपना साकार कैसे होगा और मर्दों के दबदबे वाले बिज़नेस वर्ल्ड में दो लड़कियों की किस्मत कैसे चमकेगी- सीरीज की कहानी की ये दो सबसे बड़ी समस्या है.
हालांकि सीरीज की कहानी बहुत ही फॉर्मूलाबद्ध है लेकिन इसके ट्रीटमेंट की रेसिपी में स्वाद है, इससे सीरीज का आकर्षण बना रहता है. यह ठीक बियर की तरह अंदर उतरता जाता है. नशा नहीं चढ़ता और टेस्ट भी बना रहता है, साथ ही और पीने की तरह आगे देखने की ख्वाहिश बनी रहती है. बियर बिजनेस की दुनिया में दो ब्यूटीफुल गर्ल्स का स्ट्रगल देखना आंखों को सुहाता है. वैसे अर्जित कुमार और कॉलिन डी’कुन्हा के निर्देशन में बनी यह सीरीज कॉमेडी जॉनर की है लेकिन सीन दर सीन इमोशंस भरे हुए हैं. अगर दर्शकों को इसका इंतजार हो कि दोनों लड़कियां कब अपनी डिग्निटी खो देंगी, तो यकीनन उस मोर्चे पर निराशा होगी. इसे बहुत ही खूबसूरती के साथ मेंटेन किया गया है. लिहाजा करन जोहर की प्रोडक्शन कंपनी धर्माटिक एंटरटेनमेंट की यह पेशकश एक मायने में हस्तक्षेप है. करन के अलावा इसके प्रोड्यूसर्स हैं- अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता.


Users Today : 34
Total Users : 18356
Views Today : 49
Total views : 33639
Who's Online : 0
Server Time : October 21, 2026 7:40 am