भोपाल।राजधानी भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र में एक लॉन में आयोजित होने वाली एक्जीबिशन के नाम पर 130 से अधिक लोगों के साथ साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने कोहेफिजा थाना पहुंचकर आरोपी अयान शेख और जीनिश खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों में ज़्यादातर घरेलू महिलाएं हैं जो घर से छोटा मोटा व्यवसाय करती हैं।
पुलिस से की गई शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से अयान नामक युवक ने एग्जीबिशन में स्टॉल बुकिंग के लिए लोगों से संपर्क किया। 20-21 सितंबर को प्रस्तावित एग्जीबिशन के लिए लोगों से एडवांस पेमेंट लेकर स्टॉल बुकिंग की गई थी। कई लोगों ने उधार लेकर, तो कुछ ने अपने कारोबार का सामान खरीदकर इसमें हिस्सा लेने की तैयारी की थी। लेकिन कार्यक्रम के दिन अचानक आयोजन रद्द कर दिया गया और आरोपी ने न तो आयोजन स्थल पर उपस्थिति दर्ज की और न ही एडवांस राशि लौटाई। आरोप है कि अयान और उसके साथियों ने जानबूझकर यह ठगी की है।
पीड़ितों ने पुलिस को ट्रांजेक्शन डिटेल्स, मोबाइल नंबर और संबंधित दस्तावेज़ सौंप दिए हैं। उनका कहना है कि यह केवल आर्थिक नहीं, बल्कि मानसिक प्रताड़ना का मामला भी है। एक पीड़ित महिला ने बताया कि हमने घर से पैसे मांगकर, उधार लेकर स्टॉल लगाने की तैयारी की थी। अब हम पर उधारी चुकाने का दबाव है और आयोजक गायब हो गया है।
पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है और भविष्य में इस तरह के आयोजनों की पहले से सत्यापन प्रक्रिया लागू करने की अपील की है। वहीं इस मामले में कोहेफ़िज़ा थाना प्रभारी केजी शुक्ला का कहना है कि कल हमारे पास कुछ लोग आए थे उन्होंने शिकायती आवेदन दिया है हम इस मामले की जाँच कर रहे हैं।


Users Today : 38
Total Users : 18977
Views Today : 68
Total views : 34737
Who's Online : 0
Server Time : October 27, 2026 9:28 pm