लोदिया खेड़ी में घटिया पुलिया निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध
जनहित मीडिया, (खिरकिया) हरदा। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी एजसियां गुणवत्ता पूर्ण काम नहीं करती। निम्न गुणवत्ता के काम को लेकर अब जनता मुखर होने लगी है। चौकड़ी पंचायत में सड़क और पुलिया को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है।


तहसील खिरकिया की ग्राम पंचायत चौकड़ी के अंतर्गत ग्राम लोदिया खेड़ी में निर्माणाधीन पुलिया के कार्य में कथित रूप से घटिया निर्माण सामग्री एवं गुणवत्ता विहीन कार्य किए जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच, सचिव एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से शासन की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है तथा निर्माण कार्य अत्यंत घटिया स्तर का किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायतें की गईं, किंतु जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतों की अनदेखी के कारण ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता गया। आज ग्रामीणों ने एकजुट होकर निर्माण स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया तथा घटिया निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई की जाए तथा गुणवत्ता पूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
जनता की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की जनता के हित में दी गई राशि का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
@ निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए।
@ दोषी अधिकारियों, सरपंच एवं सचिव की जिम्मेदारी तय की जाए।
@ गुणवत्ता मानकों के अनुसार पुनः निर्माण कराया जाए।
@ शासन की राशि के दुरुपयोग की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।


Users Today : 16
Total Users : 17739
Views Today : 17
Total views : 32442
Who's Online : 0
Server Time : September 27, 2026 6:56 am