प्रदेश में पैक्स , वेक्स, साख, गृह और अन्य तरह की 8000 से अधिक संस्थाओं के चुनाव लंबित
सहकारिता विभाग में एक साल से नहीं है निर्वाचन अधिकारी
इंदौर/ भोपाल ( जनहित मीडिया )। सहकारी संस्थाओं में निर्वाचन कार्य करवाने के लिए भोपाल में पदस्थ निर्वाचन प्राधिकारी द्वारा आदेश जारी किया जाता है, लेकिन पिछले करीब एक साल से विभाग में निर्वाचन प्राधिकारी नहीं है। अधिकारी नहीं होने से संस्थानों में निर्वाचन कार्यक्रम जारी नहीं हो पा रहे हैं और इंदौर भोपाल सहित पूरे प्रदेश की हजारों संस्थाओं के निर्वाचन कार्य लंबित हो गए। ज्ञात हो कि भोपाल सहकारिता मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति चुनाव के लिए की जाती है।

सहकारिता विभाग अंतर्गत इंदौर में 3000 से अधिक संस्थाएं पंजीकृत हैं। सहकारिता विभाग में प्रतिवर्ष इंदौर जिले में ही 500 से अधिक संस्थाओं के निर्वाचन करवाए जाते हैं। लेकिन पिछले 5-6 महीनों से सहकारिता विभाग में निर्वाचन अधिकारी नहीं होने के कारण किसी भी संस्था का चुनाव कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। सहकारिता विभाग में अकेले इंदौर जिलों में ही लगभग 200 से अधिक संस्थाओं के निर्वाचन कार्यक्रम पेंडिंग है। जिन संस्थाओं में दिसंबर या जनवरी में चुनाव होना था उनमें अब तक भी चुनाव नहीं हो सके। इतना ही नहीं इंदौर के अलावा भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, होशंगाबाद और सागर, सीहोर, उज्जैन, देवास, खंडवा और खरगोन सहित सभी जिलों में सहकारी संस्थाओं के चुनाव नहीं हो पा रहे हैं। ज्ञात रहे की भोपाल में पदस्थ निर्वाचन प्राधिकारी को जिले में पदस्थ सहकारिता उपायुक्त द्वारा निर्वाचन के लिए अनुशंसा की जाती है, जिसके बाद निर्वाचन प्राधिकारी द्वारा चुनाव कार्यक्रम जारी किया जाता है। लेकिन पिछले करीब एक साल से निर्वाचन प्राधिकारी नहीं होने के कारण संस्थाओं के चुनाव रुके हुए हैं।
सभी संस्थाओं में चुनकर आते हैं प्रतिनिधि
सहकारिता विभाग में पंजीकृत सहकारी साख संस्था, गृह निर्माण संस्था, प्राथमिक उपभोक्ता संस्था, विपणन संस्था, दुग्ध उत्पादन संस्था, मत्स्य पालन संस्था, यातायात संस्था और बहुउद्देशीय संस्थाओं सहित अन्य प्रकार की सहकारी संस्थाओं में चुनाव प्रक्रिया से ही 10 से 12 संचालको एवं अध्यक्ष का चुनाव होता है।
एक माह के लिए पदस्थापना, काम नहीं किया
करीब दो माह पहले सितंबर में भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक सेवानिवृत अधिकारी को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया था, लेकिन उन्होंने कार्य में रुचि नहीं ली और पद पर रहते हुए किसी संस्था का चुनाव नहीं करवाया। कुछ दिन बाद वे रेरा ( रीयल स्टेट रेगुलरिटी अथाॅरिटी ) में पदस्थ कर दिए गए।
बिगड़ रही है संस्थाओं की व्यवस्था
पूर्व में भी सहकारी संस्थाओ के चुनाव 1 साल तक विलंब हो रहे थे, लेकिन वर्तमान में निर्वाचन प्राधिकारी नहीं होने से संस्थाओं के चुनाव कार्यक्रम जारी होने की संभावना भी नहीं दिखती। ऐसे में लंबे समय तक बिना प्रतिनिधित्व के संस्थानों का संचालन अथवा एक प्रशासक के भरोसे कई संस्थाओं के संचालन से संस्थानों की व्यवस्था बिगड़ सकती है। विशेषकर साख संस्थाओं में नियमित कार्य होता है और समय पर चुनाव नहीं होने पर नियमित कार्य बाधित होने से संस्थाओं की स्थिति बिगड़ सकती है।
प्रभारी अधिकारियों के भरोसे इंदौर
सहकारिता विभाग में इंदौर कार्यालय में दो संयुक्त पंजीयक ( जेआर ), दो उपायुक्त ( प्रशासनिक एवं न्यायिक डीआर ) और दो सहायक आयुक्त ( प्रशासनिक एवं न्यायिक एआर ) के 2 पद है और इंदौर में सभी अधिकारियों के कार्यालयों में अत्यधिक काम होने के बावजूद इंदौर डीआर और जेआर का काम प्रभारी अधिकारियों के भरोसे है। बता दे कि जिले में 3000 से अधिक संस्थाएं पंजीकृत हैं, जिसमें दो तिहाई से अधिक संस्थाएं कार्यरत है।

Users Today : 54
Total Users : 20223
Views Today : 118
Total views : 38390
Who's Online : 1
Server Time : November 26, 2026 9:53 pm