सीएम हेल्पलाइन बंद करने का खेल : नर्मदा किनारे किसानों के साथ छल, धोखे से ओटीपी लेकर पटवारी ने बंद की शिकायत
महेश्वर (खरगोन)। नर्मदा किनारे बसे पथराड-चिराखाड़ क्षेत्र में एक बार फिर किसानों के साथ धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। हल्का पटवारी पर आरोप लगा है कि उसने एक सीधे-सादे किसान को झांसे में लेकर उसका मोबाइल मांगा और चुपके से सीएम हेल्पलाइन की शिकायत बंद करवा दी। मामले से आक्रोशित करणी सेना परिवार और हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने एसडीएम पूर्वा मण्डलोई को कलेक्टर खरगोन के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषी पटवारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई कर उसे तत्काल निलंबित करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान गंगा बाई पति दयाराम और मोहन पिता दयाराम ने अपनी समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि बीते शुक्रवार, 14 अगस्त को दोपहर लगभग 1:23 बजे हल्का पटवारी बादशाह कनासे ने छल-कपट से किसान का मोबाइल अपने हाथ में लिया। इसके बाद बिना किसी जमीनी समाधान के सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक: 38366270) पर प्राप्त ओटीपी (OTP) चुराकर शिकायत को पोर्टल पर दर्ज प्रक्रिया के तहत फर्जी तरीके से बंद करवा दिया। संगठन के पदाधिकारियों और ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्यमंत्री के प्रोजेक्ट का हवाला देकर भोले-भाले किसानों को गुमराह किया जा रहा है। उचित और न्यायसंगत मुआवजा दिए बिना किसानों की उपजाऊ जमीनों को हड़पने का प्रयास जारी है। समाधान किए बिना ही प्रशासनिक आंकड़ों में शिकायतें बंद दिखाना न केवल निंदनीय है, बल्कि यह एक गंभीर आपराधिक कृत्य की श्रेणी में आता है।
पटवारी को निलंबित करने की मांग
महेश्वर तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह पटेल व अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया है कि यदि स्थानीय प्रशासन इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए दोषी पटवारी बादशाह कनासे को सस्पेंड नहीं करता है, तो करणी सेना किसानों को न्याय दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर जनांदोलन शुरू करेगी। संगठन का कहना है कि किसी भी स्थिति में किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए स्थानीय प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा।

Users Today : 63
Total Users : 16595
Views Today : 236
Total views : 29918
Who's Online : 0
Server Time : August 20, 2026 4:57 pm