2 फैक्ट्रियों पर कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया
इंदौर (जनहित मीडिया)। झोन क्रमांक 17 अंतर्गत सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र में अपर आयुक्त एवं नगर निगम के अन्य अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान दो कारखानों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 35000 रुपए का अर्थ दंड किया गया। कार्रवाई के बाद चेतावनी भी दी गई कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इस पर उद्योग संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि आगे से श शिकायते नहीं मिलेगी, उन्होंने सभी को जागरूक करने का आश्वासन दिया।


आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार नगर निगम इंदौर द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, सीवर लाइन की स्वच्छता एवं अपशिष्ट जल के उचित निस्तारण को लेकर लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन क्रमांक 17 के वार्ड क्रमांक 18 एवं 19 अंतर्गत स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में ETP लाइन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्यालय से आकाश जैन, अमित यादव, मेसर्स DRA कंसल्टेंट की टीम तथा क्षेत्रीय उपयंत्री पलाश पंडित एवं उपयंत्री सिद्धांत मेहता ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ उद्योगों द्वारा बिना ट्रीटमेंट किए पानी एवं प्लास्टिक सहित अपशिष्ट सीधे लाइन में छोड़ा जा रहा है। इस पर कार्रवाई करते हुए नरेंद्र प्लास्टिक पर 10 हजार रुपये तथा रॉयल प्लास्टिक पर 25 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। इस प्रकार दोनों उद्योगों पर कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में दीपावली पर्व के बाद भी औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष ने दिया आश्वासन
निरीक्षण के दौरान इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश जैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी उद्योग संचालकों से स्वयं का ETP संचालित करने तथा प्लास्टिक वेस्ट को सीवर लाइन में नहीं डालने के संबंध में चर्चा करने एवं सभी फैक्ट्री संचालकों को आवश्यक रूप से जागरूक करने का आश्वासन दिया। नगर निगम द्वारा सभी उद्योग संचालकों से अपील की गई है कि वे अपशिष्ट जल का उचित ट्रीटमेंट करने के पश्चात ही उसका निस्तारण करें तथा प्लास्टिक एवं अन्य ठोस अपशिष्ट को सीवर लाइन में न डालें।

Users Today : 15
Total Users : 19198
Views Today : 32
Total views : 35310
Who's Online : 0
Server Time : November 5, 2026 9:42 pm